बैरिया। पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर दो आभूषणों की दुकान से 60 लाख रुपये से अधिक की आभूषण की चोरी के मामले में 10 दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। मामले में संपूर्ण समाधान दिवस पर अंबे ज्वेलर्स व सोनी ज्वेलर्स के मालिक प्रमोद सोनी, पप्पू सोनी ने पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर को शिकायती पत्र देकर चोरी की घटना का पर्दाफाश करने की गुहार लगाई।
प्रकरण में पिछले दिनों एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था। उक्त फुटेज में पुलिस दो आरोपियों को चिह्नित करने की बात कर रही थी। मामले में विवेचक अरुण सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में जो दिख रहा है उसका चेहरा स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अभी यह कहना मुश्किल है कि वह कौन है। संदिग्धों को पकड़कर सीसीटीवी फुटेज व फिंगरप्रिंट से मिलान कराया जा रहा है। विवेचक ने बताया कि सर्विलांस के जरिये टाॅवर रन कराया जा रहा है। विवेचक के अनुसार आभूषणों की दुकान में चोरी करने वाले चोर बाहर के हो सकते हैं।