क्षेत्र के सुहवल गांव में बीते चार दिसंबर को झोपड़ी में सो रहे एक व्यक्ति को जान से मारने के प्रयास में हमला कर उसे घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को घायल रामजतन राम की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि सुहवल गांव निवासी रामजतन राम चार दिसंबर को अपने घर के पास पलानी में सो रहा था। तभी गांव के दो लोग आए और उसपर ज्वलनशील पदार्थ फेंक कर आग लगा दी। घटना के बाद से वह जिला अस्पताल में अपना इलाज करवा रहा था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। शीघ्र ही आरोपी पकड़े जाएंगे।