जयप्रकाश नगर। बैरिया पुलिस ने शुक्रवार को एक निजी कंपनी के अधिकारियों सहित 11 लोगों के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी की शाखा बैरिया से करोड़ों की ठगी करके रातोंरात भाग जाने का आरोप लगाया गया है।
बैरिया थाना क्षेत्र के बीबी टोला निवासी छट्ठूलाल पुत्र सुदर्शन प्रसाद ने बैरिया पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2012 में सक्सेस म्युपल्टी सर्विसेज लिमिटेड/सक्सेस कैपिटल मार्केटिंग के नाम से बैरिया नगर में एक ऑफिस खोला गया था। इसमें दर्जनों लोगों के साथ बतौर अभिकर्ता हमें नियुक्त किया गया था। जिन लोगों के माध्यम से आरडी, एफडी, एमआईएस के रूप में पैसे जमा कराने का काम कंपनी ने किया। इसके एवज में बांड व सर्टिफिकेट भी कंपनी की ओर से दिया गया था। लेकिन 20 मई 2019 को रातो रात सब सामान लेकर अधिकारी व कर्मचारी गायब हो गए। बहुत खोज बीन करने के बाद पता चला कि कंपनी के सीएमडी पश्चिम बंगाल के मृत्युंजय साह पुत्र हरिपादो साहू व कंपनी के एमडी स्नेहाशीष भट्टाचार्य ने मिलकर पुन: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दूसरे नाम से पुन: चिट फंड कंपनी खोलकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। बैरिया पुलिस को तहरीर देकर अभिकर्ताओं ने क्षेत्र के लोगों से पांच करोड़ रुपये ठगी का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर बैरिया पुलिस ने सीएमडी व एमडी सहित 11 लोगों के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।