कोतवाली क्षेत्र के आदर गांव में पुष्टाहार वितरण को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ गाली-गलौज व धमकी देने के मामले में पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलावती देवी की तहरीर पर गांव के दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलावती देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके गांव के दो युवक मनीष व उपेंद्र उनके केंद्र पर आकर आठ महीने का पुष्टाहार मांगने लगे। उनके द्वारा मौके से सीडीपीओ को फोन किया गया। जिसके बाद सीडीपीओ द्वारा एक माह का पुष्टाहार देने की बात कही। इसके बाद उन युवकों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र पर ही गाली गलौज करते हुए मारपीट की स्थिति बना दी गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला गांव में आपसी विरोध का है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।