बलिया। विशेष न्यायाधीश (इसी एक्ट) महेश चंद्र वर्मा के न्यायालय ने सिकंदरपुर पुलिस द्वारा झूठी रिपोर्ट देने व उपेक्षात्मक रवैया अपनाने के मामले में एसएचओ सिकंदरपुर दिनेश पाठक व एसआई वसीमुद्दीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया था।
पुलिस अधीक्षक को एफआईआर से अदालत को अवगत कराने का भी आदेश दिया था। बृहस्पतिवार को स्टेट बनाम ओम प्रकाश के मामले में पेशी के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने एफआईआर की प्रतिलिपि प्रस्तुत की। एसएचओ सिकंदरपुर एवं एसआई के विरुद्ध थाना शहर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत हुआ है। सिकंदरपुर थाने में वर्ष 2011 में दर्ज मामले का ट्रायल विशेष न्यायाधीश के कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में हाईकोर्ट द्वारा पत्रावली का शीघ्र निपटारा करने का आदेश भी है। मामले में सिकंदरपुर पुलिस की झूठी तामिला का न्यायालय ने संज्ञान लिया तथा दोनों के विरुद्ध गलत दस्तावेज तैयार करने व अदालत को गुमराह करने तथा आदेश के उल्लंघन व उपेक्षात्मक रवैया के लिए मुकदमा दर्ज करने के लिए दो जुलाई को आदेश पारित किया था।