नगरा। नगरा-गड़वार मार्ग पर सोनाड़ी गांव के समीप ई-रिक्शा को पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसमें दो महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को पीएचसी बछईपुर तथा एक घायल को पीएचसी नगरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बलिया जाते समय रास्ते में एक महिला की ने दम तोड़ दिया।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के कुशहा ब्राह्मण निवासी 54 वर्षीय राजकुमारी देवी, 40 वर्षीय अनिल कुमार, 34 वर्षीय प्रभा देवी, 40 वर्षीय मंटू, 35 वर्षीय सोनू कुमार ई रिक्शा से नगरा की तरफ से जा रहे थे। अभी ई रिक्शा नगरा-गड़वार मुख्य मार्ग पर सोनाड़ी गांव के समीप ही पहुंचा था कि पीछे से जा रही तेज रफ्तार कार ने ई रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे ई रिक्शा पेड़ से टकरा गया और उसमें सवार सभी तथा कार चालक मलप हरसेनपुर निवासी 40 वर्षीय विक्की सिंह घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। ई रिक्शा सवार घायलों को पीएचसी बछईपुर तथा कार चालक को पीएचसी नगरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देख सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सदर अस्पताल ले जाते समय (54) वर्षीय राजकुमारी की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।