रेवती। इंटरसिटी के लोको पायलट की सतर्कता से राजधानी एक्सप्रेस हादसे का शिकार होने से बच गई। 20 अगस्त की रात स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर तेज वर्षा व हवा के कारण यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया था। रात 11.12 मिनट पर राजधानी एक्सप्रेस सुरेमनपुर से निकली। क्रांसिग के चलते 11.17 मिनट पर डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस स्टेशन पर खड़ी थी। जिसके लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर बलिराम कुमार को सूचना दी कि पूर्वी केबिन के समीप रेलवे लाइन पर पेड़ गिरा हुआ है। स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को देते हुए कुआंपीपर रेलवे क्रांसिग पर राजधानी एक्सप्रेस को रोकवा दिया। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस भी सुरेमनपुर में खड़ी हो गई। जबकि डाउन इंटरसिटी रेवती में पहले से ही खड़ी रही। रेल अधिकारी, पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रात में ही वन विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर पेड़ को हटवाया। जिसके बाद ट्रेनें करीब चार घंटे बाद अपने गंतव्य को रवाना हुईं।