नगवा गांव स्थित शहीद स्मारक परिसर में शहीद मंगल पांडेय के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर कैंडिल
दुबहर। शहीद मंगल पांडेय सेवा समिति के तत्वावधान में प्रथम शहीद मंगल पांडेय के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च में उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारे लगाए। इस दौरान मंगल पांडेय अमर रहें और चित्तू पांडेय अमर रहें जैसे गगनभेदी नारों ने युवाओं में जोश भर दिया। इस मौके पर मंगल पांडेय विचार मंच के अध्यक्ष कृष्ण कांत पाठक ने कहा कि मंगल पांडेय राष्ट्र की धरोहर एवं बलिया की शान है। गंगा मुक्ति अभियान के प्रणेता रमाशंकर तिवारी ने कहा कि उनके द्वारा जलाई गई क्रांति की मशाल ने ही देश को दासता की बेड़ियों से मुक्त कराने का मार्ग प्रशस्त किया था। मंगल पांडेय के सम्मान में आयोजित यह आयोजन न केवल उनकी वीरगाथा को याद करने का माध्यम बना, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास भी रहा। इस मौके पर बच्चनजी प्रसाद, विवेक सिंह, शंकर प्रसाद चौरसिया, रामजी गिरी, विनोद पासवान, गणेशजी सिंह, पन्ना लाल गुप्ता आदि रहे।