विशुनपुरा। भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने दो दशक से बंद पड़ी रसड़ा चीनी मिल को चालू कराने के लिए आवाज बुलंद की है। नगरा में उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसान हितैषी है। हम चीनी मील को चालू करने के लिए सरकार से अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि बलिया जनपद में दो ही उद्योग थे। एक चीनी मिल और दूसरी कताई मिल। दो दशक पहले चीनी मिल बंद हो गई। किसी ने इसको चालू कराने की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि चीनी मील चालू कराने के संबंध में एक बैठक बुलाई गई थी। बातचीत के बाद निर्णय लिया गया कि चीनी मिल चालू कराने के लिए आवाज उठाई जाए। 10 मार्च को ट्रैक्टरों पर बैठकर बलिया पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देंगे। 11 मार्च से एक लाख हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संवाद