बलिया। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को अवैध अतिक्रमण हटाने के बहाने सूदखोरी मामले के आरोपियों के होटल और काम्पलेक्स पर बुलडोजर चलाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में खलबली मच गई। सोशल मिडिया पर तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। इस दौरान आसपास के अतिक्रमण को भी हटा कर खानापूर्ति की।
सुबह सात बजे के करीब सदर एसडीएम प्रशांत नायक व सीओ सिटी जितेन्द्र कुमार व ईओ सत्यप्रकाश सिंह की मौजूदगी में नगरपालिका का अतिक्रमण हटाओ दस्ता बुलडोजर लेकर लावा लस्कर के साथ भृगु मंदिर के सामने पहुंचा।प्रशासन ने महर्षि भृगु कोरिडोर निर्माण की तैयारी के लिए राजमार्ग पर किये गए अतिक्रमण को हटाने की बात कही। कहा कि अतिक्रमणकर्ताओं को पूर्व में हटाने को सूचित कर एलाउंस भी कर दिया गया है। अतिक्रमण भूमि का चिन्हांकन चार दिन पूर्व ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व नगर पालिका की टीम द्वारा सड़क के बीच से 40- 40 फिट पर किया गया था। नगर पालिका परिषद द्वारा अतिक्रमण के लिए चिन्हित 30 दुकानों से अतिक्रमण हटवाया गया तथा अतिक्रमणकर्ताओं से जुर्माना के रूप में कुल 15 हजार रुपये की वसूली की गयी। इस दौरान सिंघाल होटल के सामने अवैध सीढ़ी व चबूतरा बनाकर अतिक्रमण किया गया था, जिसे तोड़ा गया। साथ ही दुबहर की ब्लॉक प्रमुख के काम्प्लेक्स के सामने बनी हुई अवैध सीढ़ी को भी तोड़ कर अतिक्रमण हटवाया गया। इसके अतिरिक्त कदम चौराहा के पास बड़की मठिया की भूमि पर अवैध कब्जा कर बाउन्ड्री वाल बनवाकर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिसे तोड़वाकर अवैध कब्जा से मुक्त कराया गया तथा जिस पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद द्वारा बच्चों के लिए खेल का मैदान के रूप में संरक्षित किया गया। ईओ ने बताया कि अभी अतिक्रमण अभियान चलेगा।