नरहीं। थाना क्षेत्र के गंगहरा छप्पन के डेरा गांव में बुधवार को खेत की सिंचाई करने जा रहे दो सगे भाई करंट की चपेट में आ गए। एक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
नरहीं थाना क्षेत्र के गंगहरा छप्पन के डेरा गांव निवासी संजय यादव (35) अपने छोटे भाई शंकर यादव (25) पुत्र मुन्ना यादव के साथ गांव खेत की सिंचाई करने जा रहे थे। नलकूप का खेत से होकर गया था, जो काफी नीचे तक लटक रहा था। खेत के मेढ़ से होकर जा रहा संजय यादव करंट की चपेट में आ गया। भाई को तड़पता देख शंकर यादव उसे बचाने के दौरान करंट की जद में आ गया। दोनों भाई बेसुध होकर खेत में गिर पड़े। आसपास के खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों ने दोनों भाइयों को नरही सीएचसी पहुंचाया। वहां, हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सक ने संजय यादव को मृत घोषित कर दिया और शंकर यादव को भर्ती कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।