बलिया। सरकार गरीबों को मुफ्त में छत देने का का कार्य रही है। लेकिन ग्रामीण इलाकों में दलाल भी सक्रिय हैं। हालांकि इसमें प्रधान व सचिवों की भूमिका ही संदिग्ध होती है। इसी तरह का एक ऑडियो सोहांव ब्लॉक के पलिया खास गांव का वायरल हुआ है। लाभार्थी का दावा है कि दलाल रोज वसूली के लिए पहुंचता है, उसने प्रधान से भी बात कराया है।
बताया जाता है कि वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले की ग्राम पंचायतों को 22 हजार से अधिक आवास का आवंटन किया गया है। अधिकांश लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त भी विभाग की ओर से भेज दी गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में हर बार आवास योजनाओं में भ्रष्टाचार की शिकायतें आती रहती हैं और प्रधान व सचिवों की भूमिका पर उंगली उठती है। सोमवार को सोहांव ब्लॉक के पलिया खास का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें महिला लाभार्थी की ओर से गांव के ही एक व्यक्ति का नाम लेकर बताया जा रहा है वह पैसे की मांग कर रहा है। इंकार करने पर उसने प्रधान से बात कराया। लाभार्थी की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि दूसरी किस्त नहीं देने की धमकी भी दी जा रही है।