दुबहर। थाना परिसर में शनिवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश के महाराजगंज सीमा सशस्त्र बल के 22 वीं बटालियन के आलाधिकारियों ने क्षेत्र के किशुनीपुर जनाड़ी निवासी शोकहरण तिवारी के शहीद पुत्र शहीद अमित तिवारी को याद किया। बटालियन के अधिकारियों ने किशुनीपुर जनाड़ी स्थित शहीद अमित तिवारी के आवास पर पहुंचकर शहीद के माता-पिता को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। इसके बाद थाना परिसर में शहीद अमित तिवारी का चित्र स्थापित कर लोकार्पण करते हुए श्रद्धा-सुमन अर्पित किया।
इसी क्रम में स्थानीय राम सिंहासन किसान इंटर कॉलेज दुबहड़ में कॉलेज के शिक्षकों तथा सीमा सशस्त्र बल के जवानों द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर दुबहर थाना प्रभारी राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि धन्य है ऐसे माता-पिता जिनके पुत्र देश की रक्षा के लिए सीमा पर शहीद हो जाते हैं। ऐसे शहीदों पर हमें गर्व है। इस मौके पर प्रधान प्रभात पांडेय, धनु पांडेय, इंसपेक्टर कुलदीप तिवारी, यतेंद्र सिंह, राकेश पांडेय, कौशलेश राय, मनोज कुमार, रामाश्रय यादव, सुनील कुमार, विमलेश पटेल आदि रहे।