रसड़ा। मऊ मार्ग के कंसो पटना के समीप रविवार की शाम तीन बजे बेकाबू बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से उस पर सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घोसी स्थित एक ईंट भट्ठे पर कार्य करने वाले मजदूर कमला उरांव (27) पुत्र सुख्खू राम निवासी रोराड थाना पेसरार जिला लोहारडग्गा झारखंड अपने साथी प्रकाश उरांव (22) और महेंद्र राम (50) पुत्र रामवृक्ष निवासी घोसी जिला मऊ के साथ रसड़ा से घोसी स्थित भट्ठे पर जा रहे थे। कंसो पटना के समक्ष उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को रसड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने कमला उरांव को मृत घोषित कर दिया। महेंद्र राम को चिंताजनक स्थिति में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है।