बेल्थरारोड। तहसील क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं ने उप जिलाधिकारी सर्वेश कुमार को पत्रक सौंप ठेकेदार द्वारा राशन सामग्रियों को निर्धारित समयांतर्गत उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत की है। पत्रक में उल्लेख है कि शासन के निर्देशानुसार पांच फरवरी के पूर्व ही उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न उपलब्ध कराना है, जिसे पांच से 18 फरवरी के बीच राशन कार्ड धारकों को वितरित करना होता है। क्योंकि 18 फरवरी को मशीन बंद हो जाएगी। पत्र के अनुसार ठेकेदार द्वारा गत कई माह से वितरण के अंतिम दिन तक राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, लिहाजा समयाभाव के कारण कार्डधारक राशन सामग्री प्राप्त करने से वंचित हो जा रहे हैं। इसको लेकर आए दिन कोटेदार और कार्डधारकों के बीच विवाद होता है। चालू माह में 147 दुकानदारों में 34 दुकानदारों को राशन की निकासी नहीं की गई। इस स्थिति के चलते इस माह का राशन वितरण संभव नहीं दिख रहा है। पत्र में एसडीएम से राशन के उठान की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर अच्छेलाल यादव, जगदीश सिंह, सुग्रीव यादव, ओम प्रकाश आदि रहे।