बलिया जिले के गड़वार थाने के स्थानीय कस्बे में छत पर बरामदे में सो रही वृद्धा को शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बगल में सोई बेटी मां की हालत देख चिल्लाने लगी। आसपास के लोग जुट गए। सूचना पाकर पहुंचे सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय और थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने घायल वृद्ध महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने घायल का बयान लिया।
बेटी जमीला खातून की शिकायत पर किराएदार दो सगे भाइयों नेसार अंसारी व सेराज अंसारी पर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी अभी पुलिस पकड़ से दूर है। गड़वार कस्बा निवासी वहीदा खातून के मकान में नेसार अंसारी ने कपड़े की दुकान की है। दुकान को अपने नाम से कराने की कुछ दिनों से चर्चा होने पर वहीदा खातून ने दुकान खाली करने के लिए कहा था। वह फर्जी कागज दिखलाते हुए दुकान रजिस्ट्री का दावा कर रहा था।
समाधान दिवस से लेकर थाने पर गुहार लगाने व पुलिस की चेतावनी के बावजूद नेसार दुकान पर जबरदस्ती कब्जा किया था। शुक्रवार की शाम को इसको लेकर पंचायत भी चल रही थी। वहीदा खातून रात में बेटी के साथ बरामदे में सोई थी। घर के पीछे के रास्ते से आकर बदमाश गोली मारकर फरार हो गया। गोली वहीदा के कंधे में लगने से वहीं गिर पड़ी। मां की हालत देख बेटी जमीला चिल्लाने लगी।
यह भी पढ़ें- Mukhtar Ansari: गैंगस्टर मामले में आज मुख्तार अंसारी पर आ सकता है फैसला, ये है पूरा मामला
बेटी जमीला की शिकायत पर पुलिस ने किराएदार दो सगे भाइयों नेसार अंसारी व सेराज अंसारी पर संबंधित धारा में मुकदमा दर्जकर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वृद्धा के दो बेटे कोलकाता रहते हैं। सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने कहा कि बेटी की शिकायत पर दो किराएदार भाइयों पर केस दर्ज कर तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार होंगे।
दुकान खाली कराने को बहुत दिनों से लगा रही थी गुहार
दुकान को खाली कराने के लिए बहुत दिनों से किरायेदार से विवाद चल रहा था। पीड़िता वहीदा खातून डीएम से लेकर थाने का चक्कर लगा रही थी। थाना पर लगने वाले समाधान दिवस पर राजस्व व पुलिस टीम अगर मामले को गंभीरता से ली होती तो शायद ऐसी घटना नहीं हुई होती। इस बात को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।