बलिया। पूर्व विधायक बाबू मैनेजर सिंह की स्मृति में 28 जनवरी को होने वाले फुल मैराथन की तैयारी पूरी हो गई है। बुधवार की सुबह 6 बजे वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम से दौड़ की शुरुआत होगी। इसमें विदेशी धावक भी शामिल होंगे। इसको लेकर मैराथन समिति के लोग पूरे दिन तैयारी में जुटे रहे। इस बार मैराथन 42.195 किमी का है, जो बैरिया तिराहे पर बाबू मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर संपन्न होगा। इसके अलावा हाफ मैराथन 21 किमी हल्दी भरसौंता तक होगा। इसके अलावा बयासी पुल तिराहा तक 10 किमी व कदम चौराहा मंगल पांडेय की प्रतिमा तक 5 किमी की दौड़ प्रतियोगिता होगी। इस बार महिलाओं के लिए भी 5 किमी के दौड़ का आयोजन किया गया है। मैराथन संचालन समिति से जुड़े पंकज सिंह ने बताया कि अभी तक कुल 3 हजार धावकों ने पंजीकरण कराया है। इसमें अपने देश के साथ ही अन्य देशों के धावकों ने भी पंजीकरण कराया है। नाइजीरिया, इथोपिया, केन्या के धावक भी यहां पहुंचे हैं। मैराथन वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम से सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। इसमें प्रथम पुरस्कार के तौर पर 2.25 लाख, द्वितीय 1.25 व तृतीय पुरस्कार में 75 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा 21 किमी हाफ मैराथन में प्रथम स्थान वाले को 65, द्वितीय को 45 व तृतीय को 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। 10 किमी में प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 15 हजार व तृतीय 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। 5 किमी में प्रथम पुरस्कार 11 हजार, द्वितीय पुरस्कार 7 हजार व तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये है।