जिला अस्पताल के इमरजेंसी में हथियारबंद बदमाशों के हंगामे के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश व्याप्त है। अस्पताल प्रशासन ने इस मामले में अब तक कोई शिकायत नहीं की है। कर्मचारी दबे जुबान किसी बड़े सफेदपोश का मामला होने के कारण मामला दबाने का आरोप सीएमएस पर लगा रहे हैं। घटना की रात प्रभारी सीएमएस डाॅ. वीके सिंह के फोन पर पहुंचे बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों को निजी सुरक्षा गार्डों ने बदमाशों के जीप व लग्जरी गाड़ी का नंबर दिया। उसके आधार पर पुलिस फार्मासिस्ट को हथियार दिखाने वाले बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने इमरजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे का वीडियो उपलब्ध कराने को सीएमएस से कहा है। इस बाबत कोतवाल संजय सिंह ने कहा की वाहन के नंबर से गाड़ी मालिक की खोज होगी, लेकिन अभी तक अस्पताल प्रशासन या कर्मचारियों द्वारा कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।