बलिया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने आर्थिक रूप से कमजोर बेटियों की पढ़ाई को पूरा करने के लिए शुरू की गई ‘सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कालरशिप’ के लिए ऑनलाइन आवेदन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इच्छुक बेटियां स्कालरशिप का लाभ लेने के लिए 17 जनवरी तक बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। स्कालरशिप के आवेदन का सीबीएसई बोर्ड का आदेश जिले के 45 स्कूलों में पहुंच गया है। आदेश के मुताबिक स्कालरशिप के लिए वही छात्राएं अर्ह होंगी। जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। जिन्होंने दसवीं में 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक लिए हैं और जो सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं में पढ़ रही हैं। वहीं इसके लिए ट्यूशन फीस 1500 रुपये मासिक से अधिक नहीं होनी चाहिए। सीबीएसई स्कूल मैनेजर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड द्वारा पिछले पांच वर्षों से इस योजना का संचालन किया जा रहा है। इस वर्ष इस योजना की अंतिम तिथि 17 जनवरी है। पात्रता रखने वाली छात्राओं को योजना का लाभ लेना चाहिए।