बलिया/चितबड़गांव। रामपुरचिट गांव में गुडिया हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने शनिवार को किया। युवती के सगे भाई अनितेश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि बहन गुड़िया की शादी तय थी।
फोन पर दूसरे लड़के से बात करने से बार-बार मना करता था, लेकिन वह नहीं मान रही थी। घटना वाली रात पुनः उसे समझाने गया लेकिन फिर वह नहीं मान रही थी, जिससे गुस्से में आकर गोली चला दी। इससे उसकी मृत्यु हो गई। गिरफ्तारी के डर से किसी अज्ञात बदमाश पर हत्या का आरोप की कहानी गढ़ दी गई।
घटना का खुलासा करते हुए एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि 28 अगस्त की भोर में रामपुरचिट गांव में घर में एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। युवती के पिता हरेन्द्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई थी। परिजनों ने अज्ञात तीन बदमाशों पर हत्या का आरोप लगाया था।
एसपी एस आनंद ने घटना स्थल का मुआयना कर घटना के खुलासा के लिए तीन टीम गठित की थी। पुलिस ने गांव सहित आसपास के एक दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की थी। पूरी जांच परिवार की तरफ आकर रुक जा रही थी। पुलिस ने भाई से कड़ाई से पूछताछ की तो वह पूरी कहानी बयां कर दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में उपयुक्त अवैध तमंचा खेत से बरामद करने के बाद उसका चालान कर दिया गया।