बलिया। रेल प्रशासन ने जनसुविधा के लिए कोरोना संक्रमण के कारण बंद चल रही 04050-04049 आनंद विहार टर्मिनल-बलिया सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी को 24 जुलाई से फिर से संचालन शुरू करने का फैसला लिया है। आनंद विहार टर्मिनल से यह ट्रेन 24 जुलाई से प्रत्येक शनिवार और बलिया से 25 जुलाई से प्रत्येक रविवार को अगली सूचना तक चलाई जाएगी। इन गाड़ियों में सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे। इसमें यात्रा करने वाले यात्रियों को कोविड-19 के मानकों का पालन करना होगा। आनंद विहार टर्मिनल-बलिया सुपरफास्ट (04050) साप्ताहिक विशेष गाड़ी प्रत्येक शनिवार को आनंद विहार से रात 23.55 बजे चलगी और अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, करीमुद्दीनपुर होते हुए अगले दिन दोपहर 02.05 बजे बलिया पहुंचेगी। वापसी यात्रा में बलिया-आनंद विहार टर्मिनल (04049) सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी प्रत्येक रविवार को बलिया से रात 10.10 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12.25 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। ट्रेन में साधारण द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के चार, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक और एसएलआरडी के एक कोच सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।