नगरा थाना क्षेत्र के तुर्की दौलतपुर निवासी अनुसूचित जाति के युवक विनय पुत्र भीम प्रसाद ने एक उपनिरीक्षक और हेडकांस्टेबल पर पिटाई का आरोप लगाया है। पिटाई से उसके कान का पर्दा फट गया है।
इसकी शिकायत उसने मुख्यमंत्री, डीजीपी व पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर की है। इसमें बताया कि उसके पिता का गांव के विशुन, रमाशंकर, जयशंकर, रमेश से जमीन विवाद है। न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। 27 जून को चाचा को बिना कारण थाने के हेडकांस्टेबल ने थाने पर बुलाया। हमको व चाचा हरिंद्र राम को बैठा लिया गया। उसके बाद एक उपनिरीक्षक और हेडकांस्टेबल ने मुझे कंप्यूटर कक्ष में बुलाया। मैंने बताया कि जमीन का विवाद है। न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इतने में कमरे में बंदकर एसआई ने जाति सूचक गालियां देते हुए पट्टे से मारने लगे। हेडकांस्टेबल ने कई थप्पड़ मारे। इससे उसके कान में असहनीय दर्द होने लगा। 28 जून को वह जिला चिकित्सालय बलिया में चेकअप कराने पहंुचा, डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि कान का पर्दा फट गया है।
क्षेत्राधिकारी मुहम्मद फहीम कुरैशी का कहना है कि युवक की शिकायत की जांच की जा रही है। जांचोपरांत जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।