बलिया। जिला व्यायाम शिक्षिका नीतू सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता को मंगलवार को पत्र लिखकर शिक्षा निदेशक (मा०), लखनऊ के 30 मई 2025 के निर्देशों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि जनपद की विद्यालयी खेलकूद व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिसके कारण तैराकी, डाइविंग, वाटर पोलो, तीरंदाजी, शूटिंग, जिम्नास्टिक, टेबल टेनिस और बैडमिंटन जैसे आठ खेलों में सत्र 2025-26 में प्रतिभागिता शून्य रही। इसके अलावा कराटे और हैंडबॉल में भी खिलाड़ियों की संख्या इतनी कम रही कि मंडल स्तर पर जनपद की किसी भी आयु वर्ग की टीम हिस्सा लेने के मानक पूरे नहीं कर पाई। नीतू सिंह ने आरोप लगाया है कि 25 जुलाई 2025 को जिला क्रीड़ा समिति की बैठक को कोरम के अभाव में स्थगित कर दिया गया था, लेकिन बाद में बिना किसी बैठक के ही समिति का गठन कर दिया गया। आरोप लगा है कि सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, एक ही विद्यालय के दो शिक्षकों को जिला क्रीड़ा सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नामित कर दिया गया। साथ ही, जिला खेल कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह अवैधानिक गठन खिलाड़ियों की प्रतिभागिता और उनके भविष्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने जिला क्रीड़ा समिति की वैधानिक बैठक बुलाने और प्रतिभावान खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें कोई पत्र नहीं मिला है और शिक्षा निदेशक के निर्देशों के अनुरुप जिला क्रीड़ा समिति के पदाधिकारियों का चयन और जिला खेल कार्यक्रम भी घोषित किया गया है, जिसके तहत खेलों का आयोजन किया जा रहा है।