हल्दी। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बादिलपुर मोड़ के समीप सोमवार की शाम कमांडर जीप की जद में आने से 18 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
भरखोखा गांव निवासी बीरेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र नीरंजन यादव अपने साथी अभिन्यु कुमार 18 वर्ष के साथ आरओ पानी का बोतल लेकर बाइक से घर जा रहा था। इसी बीच बलिया से बैरिया की तरफ जा रही तेज रफ्तार कमांडर जीप ने टक्कर मारने के बाद सड़क पर गिरे लड़कों को रौंद दिया। इसके बाद चालक बैरिया की तरफ वाहन लेकर भाग गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, धायल को अस्पताल व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।
-
बाइकों की टक्कर में ससुर-दामाद जख्मी
सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के मिश्रचक गांव के समीप सोमवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। एक बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बारापन्नो गांव निवासी शिवदास राजभर (48) अपने दामाद सिवान कला निवासी गुड्डू राजभर (36) के साथ मऊ अस्पताल में भर्ती अपनी बेटी को देखने गए थे। वापस आते समय मिश्रचक गांव के समीप सामने से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। शिवदास राजभर व गुड्डू राजभर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया। शिवदास राजभर की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए।