बलिया। शासन ने जांच के बाद लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के एई बाबर अली व जेई राहुल सिंह को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि बिना शासन के निर्देश और सक्षम अधिकारी की अनुमति के सड़क की लंबाई डीपीआर से इतर कम कर काम कराया गया। मामले में जांच के बाद दोनों की संलिप्तता सामने आई।
विभागीय सूत्रों के अनुसार 2014-15 में बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में बनाई गई बांसडीह-राजपुर संपर्क मार्ग के लिए डीपीआर में सड़क की चौड़ाई तीन मीटर पास हुई थी। इसके बाद भी मनमाने तरीके से सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई, वहीं लंबाई कम कर संबंधित ठेकेदार को लाभ पहुंचाया गया। डीपीआर के विपरीत कार्य और भुगतान में शासन और सक्षम अधिकारी की कोई अनुमति नहीं ली गई। शिकायत पर विभागीय के अलावा सीडीओ, डीएम, मंडलायुक्त ने भी जांच की थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन ने एई व जेई को निलंबित कर दिया है। निललंबन की कार्रवाई से विभागीय गलियारे में हड़कंप मचा है।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड अधिशासी अभियंता केशरी प्रकाश ने बताया कि मामला काफी पुराना है। हर स्तर पर जांच होने के बाद शासन स्तर से एई व जेई के निलंबन की कार्रवाई की गई है।