बैरिया तहसील परिसर में तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी करते अधिवक्ता।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। संपूर्ण समाधान पर बैरिया तहसीलदार द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता को गर्दन में हाथ लगाकर फर्श गिरा देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को बलिया कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मदनलाल वर्मा के नेतृत्व में बैरिया तहसील बार के समस्त अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी न्यायालय के समक्ष प्रदर्शन किया। तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी की। उपजिलाधिकारी न्यायालय के समक्ष क्रमिक अनशन पर बैठ गए।
बीते शनिवार को बैरिया तहसील के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर अपनी समस्या लेकर आए बुजुर्ग अधिवक्ता प्रेमचन्द श्रीवास्तव के गर्दन को पकड़कर तहसीलदार शैलेंद्र चौधरी ने फर्श पर पटक दिया था। आक्रोशित तहसील बार के अधिवक्ताओं ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर हंगामा किया था। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार शैलेन्द्र चौधरी के तत्काल निलम्बन, मुकदमा दर्ज करने तथा विभागीय जांच व कार्रवाई की मांग की थी। आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं को शांत कराया गया था। चार दिन बीतने के बावजूद इस प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं होने से अधिवक्ताओं का आक्रोश बढ़ गया है। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने उपजिला मजिस्ट्रेट न्यायालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मदनलाल वर्मा भी क्रमिक अनशन पर बैठ गए। अधिवक्ताओं ने साफ शब्दों में कहा जब तक तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती है व उन्हें निलंबित नहीं किया जाता है हमारा आंदोलन चलता रहेगा। क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में शिवजी सिंह, रामलाल सिंह, विजयप्रताप सिंह, हरिमोहन तिवारी, रुद्रदेव कुंवर, रामप्रकाश सिंह, श्यामबिहारी, कमलाकांत सिंह, मदन सिंह, रमेश सिंह, अरुण श्रीवास्तव, अजय सिंह शामिल थे।
अब तक तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की कई है। न उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई। जब तक तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती आंदोलन चलता रहेगा।
मदनलाल वर्मा, कलक्ट्रेट बार