बलिया। मुख्यमंत्री की ओर से की गई रोडवेज स्टैंड के सुंदरीकरण की घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए जिला प्रशासन जुट गया है। इसके लिए बीते दिनों जिलाधिकारी ने मातहतों के साथ रोडवेज परिसर का मुआयना किया। उपजिलाधिकारी बलिया और नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया है।
एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल को रोडवेज परिसर का नक्शा और क्षेत्रफल आदि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है ताकि रोडवेज परिसर को विस्तारित करते हुए मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप नया लुक दिया जा सके। मुख्यमंत्री ने बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर सभा में संबोधन के दौरान बलिया के रोडवेज बस अड्डा को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की थी। इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। इसके लिए जिला और रोडवेज प्रशासन बस अड्डा के दोनों परिसरों को आपस में मिलाकर इसका विस्तारीकरण करने की योजना पर कार्य कर रहा है। हालांकि इस कार्य में जजेज कालोनी की तरफ जाने वाला मार्ग बाधक बन रहा है। जिला प्रशासन जजेज कालोनी के लिए पीछे से रास्ता देने का मन बना रहा है ताकि रोडवेज बस अड्डा और कार्यालय परिसर को एकीकृत कर सुंदरीकरण करते हुए बस अड्डा को विस्तारित किया जाए।
स्टैंड को शहर के बाहर करने की संभावनाओं को टटोल रहा प्रशासन
दूसरे विकल्प के तौर पर जिला प्रशासन रोडवेज बस अड्डे को शहर से बाहर शिफ्ट करने की संभावनाओं को भी टटोल रहा है। रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि बस अड्डा बाहर शिफ्ट करने पर यात्रियों को दिक्कत होने के साथ ही राजस्व भी प्रभावित होगा। जिला प्रशासन यदि रोडवेज बस अड्डा को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की कार्ययोजना पर कार्य करता है तो इससे दोहरा लाभ होगा। एक तो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बस अड्डा मिलेगा। दूसरी तरफ शहर को जाम से भी निजात मिलेगा।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बस अड्डा के सुंदरीकरण की कवायद चल रही है। इसके लिए जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल और कानूनगो को नक्शा और रकबा पेश करने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट तलब की है। - राकेश कुमार श्रीवास्तव, एआरएम, बलिया