नवानगर/पूर। बेसिक विद्यालयों में एमडीएम योजना में की जा रही धांधली पर मंडलीय समन्वयक एमडीएम राजेश कुमार शाहा की रिपोर्ट पर सहायक शिक्षा निदेशक ने बीएसए को पत्र लिखकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। एडी के पत्र का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी मनिराम सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
एमडीएम के मंडलीय समन्वयक ने बीते 21 और 22 अक्टूबर को शिक्षा क्षेत्र पंदह के प्राथमिक विद्यालय जमीन भांटी, शिक्षा क्षेत्र नवानगर के बलदाऊ जी सरस्वती देवी बालिका विद्यालय बघुड़ी, रानी दुर्गावती बापूमा खटंगा, ईसारपीथापट्टी, श्रीकृष्ण पूर्व माध्यमिक विद्यालय खटंगी भरथांव, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बालिका पूमावि नवरतनपुर, कुसुम बालिका विद्यालय चक भड़ीखरा बनहरा, बसंती देवी बालिका शिक्षा निकेतन जूहा रुद्रवार, शिक्षा क्षेत्र गड़वार के श्री चिंतामणि पुमावि फेफना, शिक्षा क्षेत्र रसड़ा के केशरी देवी बालिका विद्यालय कंसो, अमरनाथ इंटर कालेज संलग्न प्राथमिक पाठशाला कंसो, आदर्श जनता अनुसूचित प्राथमिक पाठशाला देवसलपुर उर्फ मोकलपुर, आदर्श हरिजन जूबेवि सहबाजपुर का निरीक्षण किया था। इस दौरान इन विद्यालयों में छात्र संख्या से अधिक संख्या एमडीएम रजिस्टर में दर्ज करना पाई गई। जांच में यह भी तथ्य सामने आया कि छात्र संख्या को बढ़ा-चढ़ाकर लिखना रोजमर्रा की बात है। इसके अलावा, कन्वर्जन मनी को छात्रों/अभिभावकों के खाते में प्रेषित न किया जाना, अनाज का वितरण समेत कई खामियां सामने आई थीं। मंडलीय समन्वयक की रिपोर्ट के आधार पर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार मिश्र ने जिला बेसिक अधिकारी को पत्र भेजकर कमियों को दूर कराने का निर्देश दिया है।
बीएसए, मनिराम सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। भौतिक सत्यापन में छात्रों की संख्या के अनुपात में रजिस्ट्रर में उपस्थिति अधिक दर्ज मिलेगी तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।