बलिया। सदर कोतवाली पुलिस ने बालाजी एजुकेशनल ट्रस्ट भवन में चोरी करने के मामले में चार नामजद और दस अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
चंद्रशेखर नगर निवासी रजनीश राय ने कोर्ट में आवेदन देकर ट्रस्ट में चोरी करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने शैलेश राय, परमात्मानन्द राय, मनोज राय निवासी हैबतपुर व चंदन सिंह निवासी नगरा व दस अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
रजनीश राय ने आवेदन में कहा कि बालजी एजुकेशनल ट्रस्ट का स्थायी चेयरमैन हूं और यह ऑथर ऑफ ट्रस्ट है। उक्त ट्रस्ट में कुल सात सदस्य हैं। प्रार्थी द्वारा 2020 में उसमें से तीन ट्रस्टी सदस्यों शैलेश राय, परमात्मानंद राय व मनोज राय को ट्रस्ट की जमीन को गलत तौर पर बेचने व पैसा हड़पने के आरोप में निलंबित करके मुकदमा दर्ज कराया है, जो अभी विचाराधीन है।
इसी बीच, उक्त तीनों लोग ट्रस्ट भवन का ताला तोड़कर एक भूमाफिया चंदन सिंह को विवादित ट्रस्ट भवन में 27 जून 2022 को प्रवेश करा दिया और 10 अज्ञात के साथ पूर्व तीनों ट्रस्टियों ने 28 की रात्रि करीब 11 बजे ट्रस्ट भवन में कुछ लोग से एक पिकअप गाड़ी पर बहुत सारा सामान चोरी कर ले गए हैं। कोतवाली पुलिस को शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच होगी।