बैरिया। क्षेत्र के गंगापुर गांव में कुछ दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की। महिलाओं को बलपूर्वक घर से बाहर निकाल दिया। सामान सड़क पर फेंक दिया और घर पर कब्जा जमा लिया। पीड़ित परिवार सड़क किनारे तिरपाल टांगकर शरण लिए हुए हैं। पुलिस चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन में जुटी है।
पीड़ित विश्राम वर्मा (60) निवासी गंगापुर ने बताया कि मेरे बेटे से बहला-फुसलाकर औने-पौने मूल्य में मेरा मकान मेरे पड़ोसियों ने बैनामा करवा लिया था। उस बैनामे के खिलाफ हमने दीवानी न्यायालय में मुकदमा दाखिल किया है। मुकदमा विचाराधीन है। हम लोगों के रहने के लिए कोई ठौर ठिकाना नहीं है। मुकदमा में अपने को कमजोर पाकर मेरे सजातीय पड़ोसियों ने 30 लोगों के साथ सोमवार को लाठी-डंडे के साथ घर पर कब्जा जमा लिया मेरा सामान घर से बाहर निकाल कर फेंक दिया।
प्रतिरोध करने पर हमारे परिवार के सभी सदस्यों की पिटाई भी की। इसमें विश्राम वर्मा (60), शारदा देवी (50) पत्नी मुन्ना वर्मा, मंजू देवी (35) पत्नी श्री राम वर्मा, मुन्ना वर्मा (50) घायल हो गए। हम लोग इस कड़ाके की ठंड में सड़क किनारे तिरपाल टांगकर शरण लिए हुए हैं।
इस बाबत, एसएचओ बैरिया धर्मवीर सिंह ने बताया मारपीट का मामला मेरे सामने आया था। मैंने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। मकान पर कब्जे की बात मेरे सामने नहीं आई थी। दिखवा रहा हूं। किसी को भी किसी के मकान पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।