बलिया। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने सोमवार को संजय मिश्रा (30) निवासी अगऊर, थाना बांसडीह कोतवाली को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक सोने का लॉकेट तथा 7100 रुपये बरामद किए। थानाध्यक्ष जीआरपी राजकपूर सिंह ने कहा कि रेलवे पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 के पश्चिमी छोर पर नव निर्मित बाउंड्रीवाॅल के गेट के पास से संजय मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर सो रहे यात्रियों के सामान चोरी करता है। बरामद 3600 रुपये जीआरपी के मुकदमे तथा 3500 रुपये जीआरपी गाजीपुर सिटी के मुकदमा से संबंधित पाए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।