मनियर। असना गांव में बृहस्पतिवार की रात आई बारात में फरमाइशी गाने पर डांस को लेकर स्थानीय युवकों एवं बरातियों में कहासुनी हो गई। एक युवक ने बरात पक्ष के युवक पर चाकू से हमला कर दिया और भाग गया। घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से चिकित्सक ने वाराणसी रेफर कर दिया। बांसडीह रोड थाना के चौकन गांव निवासी रामजन्म राजभर के पुत्र अखिलेश कुमार की शादी जीतन राजभर की पुत्री के साथ तय थी। द्वारपूजा के बाद विवाद हो गया। इसमें एक युवक ने बरात में आए जितेंद्र राजभर (23) पर चाकू से हमला कर दिया। थाना प्रभारी रत्नेश कुमार दुबे ने बताया कि युवक की हालत ठीक है। उसका इलाज वाराणसी में चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।