भीमपुरा। थाना क्षेत्र के बरौली नहर के समीप बृहस्पतिवार को बाइक व दूध टैंकर की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। घायलावस्था में उसे नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार मझवारा की तरफ से दूध टैंकर भीमपुरा की तरफ आ रही थी, जैसे ही वह बरौली नहर पार कर आगे बढ़ी कि उसी दौरान बरौली की तरफ से जा रहे बाइक से आमने सामने टक्कर हो गयी। बाइक पर सवार ईश्वर चन्द गुप्त (30) पुत्र रामनरेश गुप्त की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि दूसरा राजू नाई (27) घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और मृतक टैंकर के अंदर फंस गये थे। युवक के शव को निकालने के लिए जेसीबी का इस्तेमाल करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल युवक को एम्बुलेंस से नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया।