बलिया। शहर से सटे जलालपुर न्यू बहेरी काॅलोनी में बुधवार की शाम शाॅर्ट-सर्किट से मकान के प्रथम तल पर आग लग गयी। इस घटना में लाखों रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए। न्यू बहेरी काॅलोनी निवासी राजेश कुमार अपनी किराना की दुकान पर थे। परिवार के अन्य सदस्य मकान में ताला लगाकर किसी काम से पड़ोस में गए थे। उसी दौरान अचानक मकान के प्रथम तल पर बिजली के शाॅर्ट-सर्किट से आग लग गई। खिड़की से धुआं और आग की लपटों को निकलता देख आस के लोगों में खलबली मच गई। पड़ोसियों की सूचना पर परिवार के सदस्य पहुंचे। आसपास के लोगों ने घरों के सबमरसिबल आदि के सहारे आग पर पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ऊंचा होने के कारण काफी परेशानी हुई। तब तक दमकल की गाड़ी भी पहुंच आग पर काबू पाया। कमरों में मौजूद फ्रिज, वाॅशिंग मशीन, बेड, कूलर, पंखा, आलमारी, सोफा के साथ ही कपड़े, कागजात आदि सभी सामान जलकर नष्ट हो चुके थे। परिजनों ने बताया कि देर शाम अचानक बिजली तेज हो गई। इसके चलते बोर्ड के तार गल गए तथा उससे निकली चिंगारी से बच्चों की कॉपी-किताब में आग लग गई।