पालतू सांड के हमले से मृतक पकड़ी हरखबसंत निवासी अवध किशोर राम। फाइल फोटो, परिजन
इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र पकड़ीहरखबसंत ग्राम पंचायत में पालतू सांड़ ने अपने ही मालिक अवध किशोर राम (55) को पटक कर मार डाला।
वह लंबे समय से गोवंश का पालन-पोषण करते थे, जिसके लिए उन्हें सरकार से अनुदान भी मिलता था। बृहस्पतिवार को वह रोज की तरह अपने सांड सहित अन्य गोवंश को लेकर गांव के पश्चिम स्थित खेतों में चराने गए थे। इसी दौरान अचानक सांड उग्र हो गया और उसने अपने मालिक पर ही हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड़ ने उन्हें सींगों से पटक दिया और तब तक कुचलता रहा जब तक उनके प्राण नहीं निकल गए। सांड़ का हमला देख आस-पास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े, लेकिन तब तक अवध किशोर की मौत हो चुकी थी।
थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। मामले की जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।