सिकंदरपुर। कस्बे के न्यू मार्केट क्षेत्र में बुधवार की सुबह टहलते समय एक युवक को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के वक्त ई-रिक्शे के चालक ने ईयरफोन लगाया था। वह नाबालिग भी है। डोमनपुरा निवासी शाहिद खान (24) दोस्तों के साथ टहलने निकला था। जैसे ही वह न्यू मार्केट पहुंचा सामने से तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा चला रहा युवक नाबालिग था। उसने ईयरफोन लगाया था। दुर्घटना के बाद चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।