रेपुरा गांव से बाबा बैजनाथ धाम से लिए रवाना होते कावंरियों का जत्था।संवाद
हल्दी। क्षेत्र की ग्रामसभा रेपुरा से शनिवार सुबह श्री खेमराज बाबा कांवड़ियां संघ के तत्वावधान में 26वें वर्ष बाबा धाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। प्रस्थान से पूर्व रेपुरा ठाकुरबाड़ी परिसर में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गांव के पूर्व प्रधान विजय बहादुर सिंह के पौत्र अजीत कुमार सिंह ''रोशन'' ने अपने आवास पर कांवड़ियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत कर यात्रा के लिए विदा किया। संघ प्रमुख दिनेश राय (मुन्ना) ने बताया कि रविवार तड़के सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर सभी श्रद्धालु पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से यह यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क कराई जा रही है। इस अवसर पर डॉ. नेपाल, भीम साहू, जितेंद्र सिंह, छोटू राय, हर्षित राय, पिंटू यादव, अभय साधु, आत्मा चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।