बलिया (ब्यूरो)। नेहरू युवा महिला मंडल व माया बहुद्देश्यीय सेवा संस्थान की ओर से ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल के प्रांगण में ‘महिला सशक्तीकरण’ पर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में महिला सशक्तीकरण, घरेलू हिंसा व स्वावलंबन पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने इसके लिए जन जागरूकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंच पर महिलाओं ने प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा क्षमता का लोहा मनवाया है। तय किया गया कि प्रत्येक ग्राम में सिलाई, कढ़ाई, मोमबत्ती, अगरबत्ती, अचार, मुरब्बा आदि का प्रशिक्षण देकर महिलाओं को समृद्ध किया जाएगा। महिला कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अधिकाधिक लाभ की अपील की गई। इस मौके पर कालिंदी सिंह, प्रतिभा सिंह, सुमन, चंदा, गुंजन, किरण, शुभ्रा, लक्की, रागिनी, रेणु, कौशल्या, अनिता सिंह आदि ने विचार रखे।