बेल्थरारोड। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीके मिश्र के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर के अधीक्षक डॉ. जीपी चौधरी ने चिकित्सक डॉ. एलसी शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। डॉ. शर्मा नोडल अधिकारी के रूप में सीएचसी के स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वॉय, फार्मेसिस्ट, सफाईकर्मियों आदि के कार्यों की समीक्षा करेंगे। डॉ. चौधरी ने बताया कि मुझे सीएचसी के अधीक्षक के अलावा डिप्टी सीएमओ और जिला मुख्यालय पर दवा स्टोर का अतिरिक्त चार्ज मिला हुआ है। विभागीय कार्यों के बोझ के चलते सभी कार्यों का सही तरीके से निष्पादन नहीं हो पाता था। इस दौरान सीएचसी पर चिकित्सकीय दुर्व्यवस्था की शिकायत मिलने लगी। ऐसे में डॉक्टर शर्मा को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त कर सीएचसी पर चिकित्सा और स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। शर्मा ने बताया कि जो दायित्व मिला है उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने नई ड्यूटी का चार्ट तैयार कर व्यवस्था दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया।