बेल्थरारोड। सलेमपुर सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अनर्गल बयानबाजी कर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद राफेल मुद्दे पर कांग्रेस नौटंकी कर रही है। सांसद कुशवाहा ने सोमवार की देर शाम पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा-बसपा गठबंधन की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जातिगत गोल बंदी कर सपा-बसपा प्रदेश के विकास को अवरुद्ध करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सूबे में सपा और बसपा की चार-चार बार सरकारें बनी, लेकिन विकास नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन की बयार बह रही है। उन्होंने कहा कि मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी दलों में खलबली मची हुई है। इससे घबराकर विपक्षी दल लामबंद होने लगे हैं, लेकिन इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। कुशवाहा ने कहा कि भाजपा राम मंदिर निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रही है, यदि कोर्ट के निर्णय में विलंब होगा तो इसके लिए विधेयक लाया जाएगा।