बलिया। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि देश में बेरोजगारी गंभीर समस्या है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर युवा आयोग का गठन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षित होकर भी युवा बेरोजगार हैं। ऐसे युवाओं को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोजगारों को न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण मुहैया कराया जाना चाहिए। बुधवार को नगर के एक होटल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास कर रहा है। वर्ष 2022 तक पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है। पिछली सरकारों ने युवाओं के लिए खास काम नहीं किया। देश में बेरोजगारी बढ़ी है। शिक्षित होने के बाद भी युवा काम के लिए भटक रहा है। युवाओं को रोजगार देने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकारों को कार्य करना होगा।