बेल्थरारोड। दिल्ली, मुंबई आदि स्थानों से श्रमिक एक्सप्रेस से 76 प्रवासी मजदूर बुधवार को अपराह्न बेल्थरारोड स्टेशन पहुंचे। स्टेशन मास्टर संतोष गुप्ता की सूचना पर स्टेशन पहुंचे तहसीलदार जितेंद्र सिंह ने सभी मजदूरों को एक स्थान पर इकट्ठा किया तथा सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए लेखपाल से सभी मजदूरों का नाम पता मोबाइल नंबर आदि नोट कराने के बाद गंतव्य पर जाने के लिए बस स्टेशन को रवाना किया। सभी मजदूर दिल्ली, मुंबई में दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते थे। इनमें मऊ, देवरिया और बलिया जिले के निवासी मजदूर शामिल हैं। मजदूरों ने बताया कि लॉकडाउन के चलते कंपनी बंद हो गई और विवश होकर उन्हें गांव आना पड़ा। तहसीलदार ने सभी मजदूरों को अपने गांव पहुंच कर आशा बहू, ग्राम प्रधान व लेखपाल को सूचना देने के बाद 14 दिनों तक होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया।