बेल्थरारोड। दी केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुस्तकालय पर हुई। बैठक में 28 सितंबर को दवा विक्रेताओं की देशव्यापी बंदी को सफल बनाने की रणनीति तय की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जगदीश जायसवाल ने कहा कि दवा व्यापार में ई-फार्मेसी, फार्मासिस्ट की कमी और ड्रग एक्ट के विरुद्ध बनाए गए नियम से दवा व्यवसायियों के उत्पीड़न का सिलसिला शुरू हो जाएगा। ऐसे में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन द्वारा 31 दिसंबर तक खुदरा दुकानों के लिए जारी ड्रग लाइसेंस के अनुपात में फार्मासिस्ट की कमी को पूरा करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि देश के समस्त दवा विक्रेताओं द्वारा 20 सितंबर से काली पट्टी बांध दुकानों को संचालित किया जा रहा है। तत्पश्चात 28 सितंबर से देशव्यापी बंदी की जाएगी। उन्होंने विक्रेताओं से बंदी को सफल बनाने की अपील की। इस मौके पर डॉ. जेपी सिंह, जय प्रकाश गुप्त, अमरजीत सिंह, शिवमंगल शर्मा, प्रदीप गुप्ता आदि उपस्थित रहे।