बलिया। उप्र विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के आह्वान पर मंगलवार को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयीय शिक्षक एसोसिएशन के शिक्षकों ने विश्वविद्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन कुलपति को सौंपा। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालयीय शिक्षक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डा. बृजेश सिंह ने कहा कि पांच सूत्री मांगों को लेकर कई बार ध्यान सरकार का आकृष्ट कराया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मांगों में अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों को सातवां वेतनमान देने, मानदेय शिक्षकों को आमेलित करने, स्ववित्तपोषित अनुमोदित शिक्षकों को विनियमित करने, शिक्षकों की पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने व शिक्षकों की अधिवर्षता आयु 65 साल करना शामिल है। इस मौके पर डॉ. अवनीश चंद पांडेय, डॉ. अखिलेश राय, डॉ. सूबेदार प्रसाद, डॉ. अजय पांडेय, डॉ. रामाकांत सिंह, डॉ. जमुना प्रसाद मिश्र, डॉ. दिलीप श्रीवास्तव, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, डॉ. अनुराग भटनागर, डॉ. धीरेंद्र यादव, आदि रहे।