बलिया। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 तक प्रधानमंत्री पद पर कोई वेकैंसी नही है। देश की जनता नरेंद्र मोदी के साथ है, विश्व स्तर पर भारत मजबूत हो रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जातीय संघर्ष कराने का प्रयास कर रहे हैं। देश के युवाओं को परिवारवादी शक्तियों के खिलाफ मोदी का साथ देना चाहिए। यह बातें उन्होंने रविवार को फेफना में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी , कौशल विकास, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने देश की आर्थिक स्थितियों को सुदृढ़ किया है। अखिलेश यादव, मायावती, लालू यादव, ममता बैनर्जी, उमर अब्दुल्लाह जैसे नेताओं को जनता जान चुकी है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि देश का नेतृत्व मोदी के हाथ में सुरक्षित है। इससे पूर्व फेंफना में युवा चेतना के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय संयोजक का स्वागत किया। इसके बाद बक्सर में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजनारायण के 31वें पुण्यतिथि समारोह में भाग लेने के लिए रवाना हो गए।