दुबहर। विभागीय लापरवाही के चलते परिषदीय विद्यालयों के बच्चे कंपकपाते हुए स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। शासन की ओर से इन्हें मिलने वाले जूते-मोजे और स्वेटर बीआरसी केंद्रों की शोभा बढ़ा रहे। इन सामानों को माह भर पहले ही बच्चों में वितरित कर देना चाहिए था। लेकिन उनकी उदासीनता भारी पड़ रही। उत्तर प्रदेश सरकार ने परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 1 से 8 तक के छात्र छात्राओं के लिए नि:शुल्क जूता, मोजा और स्वेटर की व्यवस्था कर रखी है। इन्हें एक माह पहले ही बांट दिया जाना चाहिए। लेकिन यह जनपद के प्रत्येक बीआरसी केंद्रों की शोभा बढ़ा रहे। ठंड का मौसम आ गया है लेकिन जिम्मेदार इन सामानों को बच्चों में नहीं बांट रहे। क्षेत्र के जागरूक युवा मंच के अध्यक्ष संजोग प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिले के आला अधिकारियों को मार्गदर्शन लेते हुए अविलंब जूते और मोजे का वितरण कर देना चाहिए जिससे समय रहते उसका समुचित उपयोग हो सके।