बलिया। प्राविधिक शिक्षा परिषद के 101 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसको लेकर जिले के राजकीय महिला पालीटेक्निक तथा टाउन पालीटेक्निक में लाइव टेलीकास्ट किया गया। मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, सेवायोजित छात्र-छात्राओं को नियुक्ति पत्र वितरण, विश्वसेरैया रिसर्च प्रमोशन स्कीम, पं. दीनदयाल उपाध्याय क्वालिटी इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम आदि का सीधा प्रसारण छात्र-छात्राओं ने देखा। राजकीय महिला पालीटेक्निक में कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेत्री राजश्री बसंत तथा टाउन पालीटेक्निक में कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक आनंद स्वरुप शुक्ला ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिकता एवं ईमानदारी का होना बहुत ही आवश्यक है। विधायक ने विभिन्न ब्रांच के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। राजकीय महिला पालीटेक्निक के प्रधानाचार्य प्रमथेस सहाय तथा टाउन पालीटेक्निक में प्रधानाचार्य एसके उपाध्याय मौजूद रहे।