बलिया। होली त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है। वैसे-वैसे नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में चहलकदमी काफी बढ़ गई है। आलम यह है कि कपड़ों की दुकानों समेत किराने की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रविवार को खचाखच देखी गई। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर चौक में पुलिसकर्मी तैनात रहे। जबकि चौक में जाम न लगे। इसके लिए चौक में जाने वाले विभिन्न मागों पर बैरिकेडिंग की गई थी। ताकि कोई चारपहिया वाहन बाजार में न जा सकें। हिंदुओं का होली त्योहार विभिन्न त्योहारों में प्रमुख है। इस वर्ष होली दो मार्च को पड़ा है। संयोग से उस दिन जुम्मा की नमाज भी पड़ गई है। जिसको लेकर जिला प्रशासन व पुलिस महकमा खासे सतर्क है। ताकि होली के दिन कहीं कोई घटना घटित न हो सकें। होली नजदीक आते ही नगर से लेकर कस्बा तक के बाजार सजकर तैयार हो गया है। रविवार को नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। लोग अपने-अपने पसंदीदा परिधान के साथ ही रंग-अबीर की खरीददारी की। इसके अलावा अतिथियों के सत्कार के लिए बाजार में रेडिमेड आए चिप्स, पापड़ के साथ ही विभिन्न प्रकार के नमकीनों एवं काजू, किशमिश, बादाम आदि की खरीदारी की। उधर, गांवों में महिलाओं ने घर में ही आलू के पापड़, चिप्स, साबुदाना के पापड़ व नमकीन, बेसन व मैदा का नमकीन आदि बनाने में लगी रही। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर बाजारों में पुलिस बल तैनात रही। जबकि जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से बैरिकेटिंग के साथ ही यातायात पुलिस भी विभिन्न चौराहों पर मौजूद रही।