रसड़ा। विकास खण्ड के डबकरा हाल में गुरुवार को प्रमुख देवकी सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास परक कार्यों पर मुहर लगाई। बैठक में नौ बिंदुओं पर विचार विमर्श कर विकास के लिए 26 करोड़ रुपयों का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक का प्रारंभ सदस्यों द्वारा पिछली कार्यवाही की पुष्टि करने के साथ की गई। इस दौरान विकास कार्यों पर चर्चा के साथ ही मृदा प्रयोगशाला खोलने की मांग उठाई गई। बैठक में मनरेगा कार्यों, राज्य वित्त एवं 14 वा वित्त कार्य योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, विभिन्न पेंशन योजनाओं, कृषि योजनाओं, ग्रामीण पेयजल योजना, नलकूप संचालन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वच्छता अभियान सहित आदि विषयों पर विचार विमर्श किया गया। सदस्यों ने वृद्धा विकलांग विधवा पेंशन सहित खराब नलकूपों का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने मिट्टी की जांच के लिए ब्लाक मुख्यालय पर मृदा प्रयोगशाला खोले जाने की मांग के साथ साथ प्रत्येक गांव में समान रूप से कार्य कराए जाने की मांग किया। मनरेगा के लिये 11 करोड़ प्रधानमंत्री आवास के लिये 14 करोड़ तथा राजवित्त के लिये एक करोड़ रुपया आवंटित किया गया। प्रमुख देवकी सिंह ने रचनात्मक कार्यों एवं क्षेत्र के विकास के लिये क्षेत्र पंचायत सदस्यों सहित ग्राम प्रधानों के सहयोग का आह्वान किया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी रामअशीष, प्रमुख प्रतिनिधि सतीश सिंह, जिला पंचायत सदस्य विजय शंकर यादव, राधेश्याम यादव, मोहन सिंह, हिटलर सिंह, दयाशंकर तिवारी, बृजेश कन्नौजिया, अरविन्द कुमार यादव, कमलेश राजभर, अच्छेलाल, राघवेन्द्र कुमार, आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन एडीओ एसटी आनंद कुमार चौरसिया ने किया।