बेल्थरारोड। क्षेत्र के कुसहा ब्राम्हण ग्राम निवासी सुग्रीव चौहान समेत एक दर्जन ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को पत्र सौंप कोटेदार द्वारा राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया। पत्रक में उल्लेख है कि कोटेदार द्वारा नियत समय पर प्रत्येक माह खाद्यान्न का उठान किया जाता है, लेकिन कई माह के अंतराल पर निर्धारित मात्रा से कम और अधिक मूल्य पर राशन वितरण किया जाता है। शिकायत करने पर कोटेदार द्वारा कार्ड धारकों को धमकी दी जा रही है। पत्रक में कहा गया है कि कार्ड धारकों द्वारा इसकी शिकायत मंडल आयुक्त समेत संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पत्रक के अनुसार अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों के लिए कोटेदार द्वारा प्रत्येक माह 143 कुंतल खाद्यान्न और 1200 लीटर केरोसिन का उठान किया जाता है, लेकिन तीन माह के अंतराल पर एक माह का वितरण किया जाता है। पत्र में मामले की जांच कर कोटेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।